शिखर संवाद ब्यूरो-
बदायूं। श्री हनुमान जन कल्याण सेवा समिति के तत्वावधान में गुरुवार को भगवान श्री हनुमान जी का जन्मोत्सव पूरे शहर में हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर नगर में एक भव्य एवं परंपरागत शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर धर्म लाभ उठाया और बजरंगबली के जयकारों से वातावरण गुंजायमान कर दिया।
हनुमान जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में आयोजित यह कार्यक्रम भक्ति और श्रद्धा का अनूठा संगम रहा। शाम चार बजे लाला हरिप्रसाद मंदिर से शोभायात्रा का विधि-विधान से शुभारंभ हुआ। यह यात्रा शहर के पुरानी चुंगी, टिकटगंज चौराहा, सर्राफा बाजार, गोपी चौक, लोटनपुरा तिराहा, छः सड़का, दिनेश चौक, रज़ी चौक, सुभाष चौक और मढ़ई चौक से होती हुई गुजरी। यात्रा का समापन श्री विरुआबाड़ी मंदिर पर जाकर हुआ। पूरी यात्रा के दौरान बजाए जा प्यारे हनुमान चुटकी जैसे भजनों पर भक्तजन मंत्रमुग्ध होकर झूमते नजर आए। शोभायात्रा में भगवान श्री हनुमान जी, प्रभु श्री राम और भगवान शिव सहित विभिन्न देवी-देवताओं की मनमोहक झांकियां मुख्य आकर्षण का केंद्र रहीं। इस धार्मिक आयोजन को सफल बनाने में समिति के अध्यक्ष उज्ज्वल गुप्ता, प्रबंधक धीरज सक्सेना, वेंकटेश भारद्वाज, हरिओम पाठक, सलिल गुप्ता, मयूर गुप्ता, केशव नाथ, अरविंद गुप्ता और अभिषेक रस्तोगी आदि का विशेष सहयोग रहा।

0 टिप्पणियाँ